क्लीनिक संचालक को नोटिस देकर तीन दिनों के भीतर दस्तावेज किए तलब , मांगा जवाब
सूरज शुक्ल
ऊंचाहार रायबरेली । क्षेत्र में अवैध क्लीनिक की सारा समय समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है ।सीएमओ के निर्देश पर ऊंचाहार सीएचसी अधीक्षक ने वरिष्ठ चिकित्सक को भेजकर क्लिनिक की जांच और कार्यवाही के लिए निर्देशित किया किंतु क्लिनिक संचालक की अनुपस्थिति में स्टाफ को नोटिस देकर क्लिनिक संचालक से तीन दिनों के भीतर क्लिनिक रजिस्ट्रेशन और डिग्री आदि दस्तावेज तलब किए हैं ।
गौरतलब है कि अरखा स्थित शिवांग क्लिनिक का अवैध तरीके से मरीज को भर्ती कर ड्रिप चढ़ाने का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ।जिसको लेकर सारा समय ने मामले को प्रमुखता से उजागर किया ।
समाचार में सीएमओ डॉ नवीन चंद्रा और स्थानीय सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल का बयान भी शामिल था ।
प्रकरण में त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे ।
मंगलवार की प्रातः वरिष्ठ चिकित्सक डॉ राजेश गौतम क्लिनिक की जांच करने पहुंचे तो क्लिनिक संचालक नदारद थे ।
जिसपर उन्होंने क्लिनिक स्टाफ को नोटिस देकर क्लिनिक और संबंधित डॉक्टर की डिग्री आदि से संबंधित दस्तावेज तलब किए हैं ।
नोटिस का जवाब तीन दिनों के भीतर क्लिनिक संचालक को देना है।
क्या कहते हैं जांच अधिकारी ?
सारा समय मीडिया
ऊंचाहार । अरखा स्थित शिवांग क्लिनिक की जांच करने पहुंचे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ राजेश गौतम ने बताया कि वायरल वीडियो में शिवांग क्लिनिक पर भर्ती करके ड्रिप चढ़ाया जा रहा है जो पूरी तरह से अवैध और गलत है ।
उन्होंने बताया कि शिवांग क्लिनिक का संचालक मौके पर नहीं मिला ,मेरे द्वारा नोटिस देकर क्लिनिक के रजिस्ट्रेशन और डॉ0की डिग्री आदि दस्तावेज तीन दिनों के भीतर तलब किए गए हैं ।
क्या कहते हैं सीएचसी अधीक्षक ?
ऊंचाहार ।शिवांग क्लिनिक की वायरल वीडियो और प्रकाशित समाचार पर सीएचसी अधीक्षक डॉ0 मनोज शुक्ल ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर क्लिनिक संचालक को नोटिस दी गई है ,अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी।
