ऊंचाहार से गायब 15 वर्षीय अंजली का 5 दिन बाद भी सुराग नहीं

Sara Samay News

पुलिसिया सुस्ती पर भारी पिता के आंसू

सारा समय मीडिया
​रायबरेली। इन दिनों जनपद का पुलिस महकमा प्रशासनिक फेरबदल और अंतर्कलह को लेकर लगातार सुर्खियों में है। लेकिन इस हलचल के बीच ऊंचाहार कोतवाली की लचर कानून-व्यवस्था अब आम जनता के सब्र का इम्तिहान ले रही है। पूर्व कोतवाल अजय राय के जाने के बाद से ऊंचाहार कोतवाली का प्रभार संभाल रहे दरोगा संजय शर्मा के कार्यकाल में पुलिसिंग की धार कुंद होती नजर आ रही है। आए दिन विवादों और चर्चाओं में रहने वाले कार्यवाहक थानाध्यक्ष संजय शर्मा की टीम एक बेहद संवेदनशील मामले में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
​मामला रायपुर गांव का है, जहां से 15 वर्षीय मासूम बिटिया अंजलि पिछले 5 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। एक नाबालिग बच्ची का गायब होना इलाके में बेहद संवेदनशील मुद्दा बन चुका है, लेकिन दरोगा संजय शर्मा और उनकी पूरी टीम हवा में हाथ-पैर मार रही है। 120 घंटे बीत जाने के बाद भी खाकी के हाथ खाली हैं, जिससे ‘मित्र पुलिस’ के दावों की हवा निकल गई है।
​बड़ा सवाल: जब एक नाबालिग बेटी की सुरक्षा और तलाश में स्थानीय पुलिस इतनी सुस्त है, तो क्षेत्र की कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे क्यों न मानी जाए?
​स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने और पुलिस की हीलाहवाली से थक-हारकर पीड़ित परिवार की उम्मीदें अब टूट चुकी हैं। आखिरकार, न्याय की गुहार लेकर रोता-बिलखता परिवार रायबरेली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रवि कुमार की चौखट पर जा पहुंचा है। अब देखना यह है कि कप्तान के कड़े रुख के बाद क्या ऊंचाहार पुलिस की नींद टूटती है या फिर दरोगा जी का यह ‘चर्चाओं का बाजार’ यूं ही गर्म रहेगा। जनता अब सीधे तौर पर इस नाकामी की जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।

error: Content is protected !!