सारा समय मीडिया
महराजगंज रायबरेली। कोतवाली महराजगंज क्षेत्र के सिरसोई गांव में गुरुवार देर शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब के पास स्थित नाले में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार मिली जानकारी नाथगंज गांव निवासी मंसाराम अपनी ससुराल सिरसोई में रहकर स्थानीय ईंट-भट्टे पर कोयला फुंकाई का काम करता था। उसकी ड्यूटी सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 6 बजे से देर रात 1 बजे तक रहती थी।
बताया जा रहा है कि, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे भट्टे से छुट्टी मिलने के बाद वह जाल लेकर मछली पकड़ने के लिए निकला था। जब देर रात तक वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार को माझगांव स्थित खदरा तालाब के पास एक नाले में उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौके पर मृतक के उतरे हुए कपड़े भी मिले हैं, जबकि शव गीली मिट्टी में सना हुआ पाया गया है, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस का कहना है कि, प्रथम दृष्टया मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
