अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत

Sara Samay News

सारा समय मीडिया

रायबरेली। लखनऊ–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बछरांवा थाना क्षेत्र के पहुरावा मजरे विशुनपुर गांव के पास मंगलवार सुबह एक वृद्ध सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में घायल वृद्ध को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान सुंदरलाल (70) पुत्र देवली निवासी कोटवा थाना शिवगढ़ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने भांजे भगवती प्रसाद पुत्र छोटेलाल के साथ थाना क्षेत्र के पहुरावा मजरे विशुनपुर गांव में रहते थे।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!