सारा समय मीडिया
रायबरेली । थाना महाराजगंज क्षेत्रांतर्गत ग्राम बाला स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम रायबरेली द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, पासवर्ड प्रबंधन, फिशिंग लिंक, फेक कॉल्स एवं डिजिटल सुरक्षित व्यवहार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई। टीम द्वारा छात्रों को यह बताया गया कि इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग कैसे किया जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
साइबर क्राइम टीम के अधिकारियों ने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें डिजिटल सतर्कता अपनाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
साइबर क्राइम टीम द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं ऑनलाइन सुरक्षा के नियमों का पालन करें तथा अपने परिजनों एवं मित्रों को भी साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक करें।
