रातपुर चौराहे से गल्लामंडी की जर्जर सड़क मामले में प्रदर्शन के बाद जागा प्रशासन

Sara Samay News

जिलाधिकारी के निर्देश पर जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

सारा समय मीडिया

रायबरेली।नगर पालिका के अंतर्गत रतापुर से गल्ला मंडी तक की जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़क को लेकर लगातार उठ रही शिकायतों और स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे जिलाधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें समाचार पत्रों और चैनलों के माध्यम से इस सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी मिली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क का तत्काल निरीक्षण कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह ही वार्ड के सभासद ने दर्जनों स्थानीय लोगों के साथ प्रतापपुर से गल्ला मंडी मार्ग पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की जर्जर हालत पर नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल निर्माण और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। लोगों का कहना था कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे यह मार्ग अब जानलेवा बन चुका है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार प्रतापपुर से गल्ला मंडी तक का यह मार्ग हजारों लोगों के दैनिक आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, व्यापारी, कर्मचारी और ग्रामीण रोजाना आते-जाते हैं। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

जिलाधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से उपेक्षित इस सड़क की समस्या का शीघ्र समाधान होगा।

error: Content is protected !!