सारा समय मीडिया
ऊंचाहार , रायबरेली । क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नगर और क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चल रही मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर की पुरानी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास के निर्माण का कार्य शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के नेतृत्व में शुरू हुआ। इस दौरान निर्माण एजेंसी के लोग भी मौजूद रहे ।
ज्ञात हो कि ऊंचाहार नगर की पुरानी रेलवे क्रॉसिंग बंद हो जाने के कारण न सिर्फ नगर के लोगों अपितु क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से आसपास के सैकड़ो दुकानदारों का रोजगार चौपट था और स्कूल आने जाने वाले बच्चों को जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पर करना पड़ता था। इस संबंध में क्षेत्र के लोगों की मांग को देखते हुए विधायक व पूर्व मंत्री डॉ मनोज पांडेय ने रेल मंत्री से मुलाकात की और यहां पर अंडर पास बनाए जाने की मांग रखी । इसके बाद रेलवे ने अंडरपास निर्माण का निर्णय लिया। अंडरपास निर्माण का शिलान्यास करीब 6 माह पूर्व किया गया था, किंतु लंबे समय तक काम न शुरू हो पाने के कारण लोगों को तमाम तरह की आशंकाएं परेशान कर रही थी। इस बीच भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने रेलवे के अधिकारियों से बात की ।शनिवार को उन्होंने रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठ के साथ मिलकर रेलवे अधिकारियों से बात की ।इसके बाद मौके पर निर्माण एजेंसी के लोग पहुंचे और निर्माण कार्य का औपचारिक रूप से शुभारंभ हुआ ।भाजपा नेता ने बताया कि यह निर्माण कार्य बहुत तेजी के साथ किया जाएगा और 6 माह के अंदर अंडरपास बनकर तैयार हो जाएगा ।सतीश मिश्रा,चंद्रिका प्रसाद,गुड्डू यादव मोहम्मद चिक्कन,बब्बू मौर्य,रमेश,इमरान खान,मोहम्मद असलम,बबलू ,उमेश ,आदि मौजूद लोग निर्माण कार्य शुरू होने के बाद नगर के लोगों ने खुशी जताई है।
