सारा समय मीडिया
रायबरेली ।सलोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पैगंबरपुर पूर्वी (वार्ड नंबर 4) में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहाँ खेत में चल रहे रोटावेटर की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालक लकी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक लकी अपने बड़े पिता (ताऊ) के साथ खेत में जुताई का काम देखने गया था। वहां बालक ने ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर पर बैठने की जिद की। इसी दौरान रिमझिम बारिश के चलते उसका पैर अचानक फिसल गया और वह सीधे रोटावेटर की चपेट में आ गया।पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बालक की चीख सुनकर शोर मचाया, जिसके बाद तत्काल ट्रैक्टर को रोका गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रोटावेटर से बालक के शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।मृतक लकी,शिव मूरत और गिरजावती का पुत्र था। वह कक्षा एक का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक तीन साल की छोटी बहन भी है।इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार करने देने का निवेदन किया है और इस घटना को एक पारिवारिक हादसा माना है। समाचार लिखे जाने तक थाने में किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
