सारा समय मीडिया
लखनऊ।यूपी विधानसभा के बजट सत्र में आज भी हंगामा और राजनीतिक तंजबाजी देखने को मिली। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सपा विधायकों के सवालों पर भड़क गए और बोले, ‘सीधे-सीधे सवाल आएंगे तो सीधे-सीधे जवाब देंगे, राजनीतिक सवाल किए तो हम राजनीतिक रायता फैला देंगे।’ सपा विधायक कमाल अख्तर ने तपाक से पूछा, ‘मंत्रीजी इतने बड़े पद पर हैं, इनके विभाग में रायता कहां बनता है?’
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि मंत्री खाने-पीने की बात कर रहे हैं। इस पर ब्रजेश पाठक मुस्कुराने लगे।
सत्र के 9वें दिन बजट पर चर्चा के दौरान सपा विधायकों ने सरकार को घेरा। सपा विधायक रागिनी सोनकर ने महिलाओं और बच्चों में कुपोषण और एनीमिया के मुद्दे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘महोबा में 1 लीटर दूध को एक बाल्टी पानी में मिलाकर बच्चों को दिया गया, क्योंकि आप लोग बजट कम दे रहे हैं। यह कब तक चलेगा? प्रतापगढ़ के सपा विधायक आरके वर्मा ने आंगनवाड़ी और आशा बहुओं के वेतन वृद्धि का सवाल किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल से आशा बहुओं ने सरकारी कर्मचारियों से ज्यादा योगदान दिया, लेकिन उन्हें परमानेंट नहीं किया गया।
