सारा समय मीडिया
रायबरेली ।जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई गई डामरीकरण सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग से जुड़कर छेदी का पुरवा ग्राम होते हुए सरायं मुगला तक बनाई गई यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर और खस्ता हाल में पहुंच गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई है। सड़क की डामर परत किनारों पर खिसक गई है, जबकि बीच में बोल्डर और गिट्टियां ऊपर आ गई हैं। इससे सड़क पर चलना खतरनाक हो गया है, खासकर मोड़ों पर वाहन फिसलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, निजामुद्दीन और कमलेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण मानकों के विपरीत किया गया है। उन्होंने बताया कि इस समस्या की शिकायत पहले भी संबंधित विभाग से की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने आज, शुक्रवार 20 मार्च 2026 को सुबह करीब 9 बजे सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर बड़े स्तर पर शिकायत दर्ज कराएंगे।
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
