यूपी पुलिस एसआई लिखित परीक्षा का दूसरा दिन, 12 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच 7200 अभ्यर्थी हुए शामिल

Sara Samay News

सारा समय मीडिया

रायबरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन रविवार 15 मार्च को रायबरेली जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जहां दो पालियों में करीब 7200 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन की ओर से सिविल ड्रेस में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की टीमें भी लगातार परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए हुए हैं।

परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी तरह की नकल या अनुचित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच भी की गई।

रविवार को सुबह करीब 11 बजे शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों को सुचारु व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!